LuteriDulhan : एक दुल्हन, 9 दूल्हे… कुंवारी बनकर रचाती थी ब्याह :- महाराष्ट्र के बीड़ जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक लुटेरी दुल्हन और उससे जुड़े फर्जी शादी गिरोह का पर्दाफाश हुआ है. आरोप है कि युवती अब तक आठ युवकों से शादी कर चुकी थी और हर बार कुछ दिन साथ रहने के बाद नकदी व कीमती सामान लेकर फरार हो जाती थी. मामला तब खुला जब उसने 9वीं बार शादी कर एक और युवक को ठगी का शिकार बनाया।
जानकारी के मुताबिक, ताजा मामला बीड़ जिले के उमापूर गांव का है. यहां रहने वाले एक युवक की शादी एजेंटों के जरिए एक युवती से कराई गई थी. शादी तय कराने वाले लोगों ने युवती को कुंवारी बताकर परिवार को भरोसे में लिया. ग्रामीण परिवेश और कम जानकारी होने के कारण युवक और उसका परिवार आसानी से उनके झांसे में आ गया।
शादी के बाद कुछ दिनों तक युवती सामान्य तरीके से ससुराल में रही, लेकिन फिर अचानक घर से नकदी और कीमती सामान लेकर फरार हो गई. जब परिवार ने उसकी तलाश शुरू की तो चौंकाने वाली जानकारी सामने आई. जांच में पता चला कि युवती इससे पहले भी महाराष्ट्र के अलग-अलग जिलों में आठ शादियां कर चुकी थी. हर बार वह शादी के बाद पैसे और जेवर लेकर गायब हो जाती थी।
भोले-भाले युवकों को निशाना बनाती
पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत पुलिस से की, जिसके बाद फर्जी शादी कराने वाले एजेंटों और युवती की भूमिका की जांच शुरू की गई. पुलिस को शक है कि यह एक संगठित गिरोह है, जो शादी के नाम पर भोले-भाले युवकों को निशाना बनाता है. गिरोह में शामिल लोग गांवों में ऐसे परिवारों को तलाशते थे, जहां लड़कों की शादी में परेशानी हो रही हो.इसके बाद युवती को कुंवारी बताकर रिश्ता तय कराया जाता था. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और युवती समेत गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है. इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और लोग इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।

