अब साल में दो बार होगी सीबीएसई बोर्ड परीक्षा : सीबीएसई अगले साल से 10वीं की बोर्ड परीक्षा साल में दो बार आयोजित करेगा. पहली बार फरवरी और दूसरी बार मई में होगी. इसके बाद 10वीं के छात्रों के लिए बोर्ड एग्जाम के बाद सप्लीमेंट्री परीक्षा नहीं आयोजित की जाएगी.सीबीएसई बोर्ड ने अगले साल शैक्षणिक सत्र 2026 से कक्षा 10वीं की परीक्षा साल में दो बराबर आयोजित करने का फैसला किया है. इस मसौदे को सीबीएसई ने मंजूरी दे दी है. 10वीं की परीक्षा का पहला चरण फरवरी-मार्च में आयोजित किया जाएगा. इसके बाद दूसरा चरण मई 2026 में आयोजित होगा।
सीबीएसई की ओर से जारी ड्रॉफ्ट के अनुसार, परीक्षा का पहला चरण 17 फरवरी से 6 मार्च तक आयोजित होगा. जबकि दूसरे चरण की परीक्षा 5 मई से 20 मई तक होगी. बोर्ड के एक अधिकारी ने कहा कि दोनों परीक्षाएं पूरे सिलेबस पर पर आयोजित की जाएंगी. छात्रों को दोनों चरण की परीक्षा में एक ही परीक्षा केंद्र आवंटित किए जाएंगे।
नहीं होगी सप्लीमेंट्री परीक्षा
सीबीएसई के अधिकारी ने बताया कि बोर्ड परीक्षाओं का पहला और दूसरा चरण सप्लीमेंट्री परीक्षा का भी काम करेगा. मतलब यह कि इसके बाद सीबीएसई छात्रों के लिए कोई सप्लीमेंट्री या स्पेशल परीक्षा नहीं आयोजित करेगा. सीबीएसई ने यह भी बताया है कि बोर्ड परीक्षा का फॉर्म भरने की फीस भी बढ़ाई जाएगी.सीबीएसई की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, साइंस, मैथ्स, सोशल साइंस, हिंदी, इंग्लिश को छोड़कर अन्य सभी विषयों के दो ग्रुप होंगे. क्षेत्रीय और विदेशी भाषाओं का एक ग्रुप होगा. शेष विषयों का एक ग्रुप होगा. साइंस, मैथ्स, सोशल साइंस, हिंदी और इंग्लिश विषयों की परीक्षाएं निर्धारित तिथि पर होंगी, जैसा अभी होता है. जबकि सभी भाषाओं की परीक्षाएं एक ही दिन होंगी।
सीबीएसई की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, पहले फेज की बोर्ड परीक्षा (फरवरी-मार्च) का रिजल्ट जारी होने के बाद कोई सर्टिफिकेट/मार्कशीट नहीं मिलेगी. हालांकि स्कोर कार्ड डिजिलॉकर पर उपलब्ध होगा. यदि स्टूडेंट दूसरे फेज की परीक्षा में शामिल नहीं होते हैं, तो इसी से 11वीं कक्षा में एडमिशन मिलेगा. सीबीएसई ने बताया है कि प्रैक्टिकल और इंटर्नल परीक्षा सिर्फ एक ही बार आयोजित की जाएगी।


