देशवासियों पर सदैव बनी रहे कृपा : श्री झण्डे जी के आरोहण के बाद श्री दरबार साहिब के सज्जादे गद्दी नशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने सभी देश व प्रदेशवासियों सहित संगतों को श्री झण्डा महोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। श्री महाराज जी ने कहा कि श्री झण्डा महोत्सव मेला प्रेम, सदभावना, आपसी भाईचारा, सौहार्द, उल्लास व अमन-चैन का संदेश देने वाला मेला है। उन्होंने कहा कि श्री झण्डे जी पर शीश नवाने से सभी की मन्नतें पूरी होती हैं, यही वजह है कि देश विदेश की संगतों सहित दूनवासियों की श्री झण्डे जी की प्रति आस्था बढ़ती जा रही है। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि देशवासियों-प्रदेशवासियों व श्री झण्डे जी मेले में शामिल होने आई संगतों व दूनवासियों पर श्री गुरु राम राय जी महाराज की कृपा सदैव बनी रहे।
पुलिस, प्रशासन व मीडिया कर्मियों का जताया आभार
श्री झण्डा जी मेला आयोजन समिति ने मेले के सफल आयोजन में सहयोग के लिए पुलिस अधिकारियों, पुलिस स्टाफ, प्रशासनिक अधिकारियों, मीडियाकर्मियों व दूनवासियों का आभार जताया। गुरु की प्यारी संगत का दूनवासियों ने जिस आदर के साथ सत्कार किया है उसके लिए सादर आभार एवम् सादर धन्यवाद दिया। श्री झण्डा जी मेला आयेाजन समिति के मुख्य व्यवस्थापक मधुसूदन सेमवाल ने समिति के सभी पदाधिकारियों व सदस्यों की ओर से धन्यवाद ज्ञापित किया।
विदेशी संगतें भी पहुंची श्री दरबार साहिब
श्री झण्डे जी पर शीश नवाने के लिए देश-विदेश से संगतें पहुंची हैं। उत्तर प्रदेश, उत्तराखण्ड, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश सहित देश के विभिन्न हिस्सों से आई संगतों ने श्री झण्डे जी पर शीश नवाया। विदेशों से आई संगतें भी श्री झण्डे जी आरोहण की साक्षी बनी। श्री दरबार साहिब में श्रद्धालु भजन-कीर्तन के साथ ही गुरु महिमा का गुणगान करते रहे। श्रद्धालुओं ने ढोल की थाप पर जमकर नृत्य किया। श्रद्धालुओं ने श्री दरबार साहिब स्थित पवित्र सरोवर में डुबकी लगाई। सुबह से ही श्रद्धालु यहां स्नान कर रहे थे। दोपहर बाद में सरोवर के चारो तरफ संगतों के जुटने से यहां का नजारा भी दर्शनीय लग रहा था। साथ ही बच्चों ने भी सरोवर के स्नान का आनन्द उठाया।

