TheKapilSharmaShow : कपिल शो 70% होता है स्क्रिप्टेड – कीकू शारदा ने खोले राज :- फेमस कॉमेडियन कीकू शारदा ने कपिल शर्मा के शो को लेकर कई खुलासे किए हैं। एक पॉडकास्ट के दौरान कीकू शारदा ने बताया कि शो पूरी तरह से बिना तैयारी के नहीं होता। उन्होंने कहा कि मैं कहूंगा कि यह लगभग 70-30 का रेशियो है। लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा स्क्रिप्ट के अनुसार ही होता है, जबकि 30 प्रतिशत पूरी तरह से अचानक यानी सिचुएशन के हिसाब से होता है।
पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान कीकू शारदा ने कहा कि शो के लेखकों द्वारा एक मजबूत और मजेदार स्क्रिप्ट तैयार की जाती है और टीम उसे फॉलो भी करती है। लेकिन शूटिंग के दौरान कभी-कभी उस पर टिके रहना नामुमकिन हो जाता है, क्योंकि कई बार सेलिब्रिटी मेहमान बातचीत को बिल्कुल नई और अनपेक्षित दिशा में ले जाते हैं। ऐसे में एक्टर्स को ऑन-द-स्पॉट इम्प्रोवाइजेशन करना पड़ता है, जहां स्क्रिप्ट राइटर भी बीच में हस्तक्षेप नहीं करते।
एक और बड़ी सच्चाई का खुलासा करते हुए कीकू ने बताया कि शो में आने वाले किसी भी सेलिब्रिटी गेस्ट को पहले से जोक्स, पंचलाइंस या आने वाले किरदारों के बारे में जानकारी नहीं दी जाती। इसके पीछे की वजह बताते हुए कीकू ने कहा, हमें असल और ऑरिजनल रिएक्शंस चाहिए होते हैं। अगर हम मेहमानों को पहले ही बता देंगे कि कौन सा मजाक होने वाला है, तो उनका नेचुरल रिएक्शन खत्म हो जाएगा। उन्होंने कहा, हम चाहते हैं कि वे उन अजीबोगरीब किरदारों का अनुभव पहली बार सीधे स्टेज पर ही करें, क्योंकि तभी सबसे बेहतरीन और असली हंसी निकलकर सामने आती है।
कीकू शारदा ने इंटरव्यू के दौरान बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान का जिक्र करते हुए एक दिलचस्प बात बताई। उन्होंने कहा कि सलमान खान जैसे मेहमानों के रिएक्शंस को प्रेडिक्ट करना सबसे कठिन काम है। कई बार टीम किसी पंचलाइन को बहुत ज्यादा मजेदार सोचकर प्लान करती है, लेकिन स्टेज पर सलमान उस पर कोई खास रिएक्शन नहीं देते।
वहीं दूसरी तरफ, किसी छोटी या साधारण सी बात पर वह अपनी हंसी नहीं रोक पाते। लाइव कॉमेडी में कई बार ऐसा भी होता है जब कोई मजाक दर्शकों को पसंद नहीं आता या माहौल ठंडा पड़ जाता है। कीकू शारदा ने बताया कि ऐसे मुश्किल हालातों में कपिल शर्मा शो के सबसे बड़े संकटमोचक साबित होते हैं। कीकू के मुताबिक, कपिल मौके पर ही चीजों को संभालने में माहिर हैं।

