CaptainAmarinderSingh : ‘भाजपा में मुझे कुछ नहीं मिला’, कैप्टन अमरिंदर :- पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि भाजपा में शामिल होने के बाद पिछले चार साल में उन्हें कुछ खास नहीं मिला. साथ ही यह भी कहा कि उन्हें नहीं लगता कि कांग्रेस अब उन्हें वापस लेगी।
उन्होंने कहा – मैंने करीब 60 साल पंजाब को समझने और देखने में बिताए हैं. मैं यह नहीं कहता कि मेरे पास हर सवाल का जवाब है, लेकिन मैं इस राज्य को अच्छी तरह जानता हूं. इसके बावजूद पिछले चार साल में मुझे कुछ नहीं मिला।
‘भाजपा में आया लेकिन कुछ नहीं मिला’
एक इंटरव्यू में कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि किसी भी पार्टी में शामिल होने पर व्यक्ति यह उम्मीद करता है कि उसके अनुभव का इस्तेमाल किया जाएगा.एक इंटरव्यू में जब उनसे पूछा गया कि भाजपा में रहेंगे या नहीं, तो उन्होंने दो टूक जवाब दिया, ‘विकल्प क्या है?’ उन्होंने कहा कि न तो वह अकाली दल में जा सकते हैं और न ही उन्हें लगता है कि कांग्रेस उन्हें दोबारा पार्टी में शामिल करेगी।
राहुल गांधी ने हाल ही में कैप्टन अमरिंदर सिंह को अपना पसंदीदा नेता बताया था. इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कैप्टन ने कहा कि उनके राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी से व्यक्तिगत रिश्ते हमेशा अच्छे रहे हैं.उन्होंने कहा कि राजनीति और निजी संबंध अलग-अलग चीजें हैं. राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन व्यक्तिगत रिश्तों पर उसका असर नहीं पड़ना चाहिए।
कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए थे कैप्टन
कैप्टन अमरिंदर सिंह लंबे समय तक कांग्रेस का चेहरा रहे. लेकिन नवजोत सिंह सिद्धू के साथ विवाद और मुख्यमंत्री पद से हटाए जाने के बाद उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी थी. बाद में उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया.हालांकि समय-समय पर उनकी कांग्रेस में वापसी की अटकलें लगती रही हैं, लेकिन इस बार उन्होंने साफ कर दिया कि उन्हें ऐसी कोई संभावना नजर नहीं आती।

