HoneymoonControversy : हनीमून पर कैसे ‘कबाब में हड्डी’ बना ससुराल ? :- शादी के बाद हर नए जोड़े की ख्वाहिश होती है कि वे हनीमून पर जाएं और एक-दूसरे के साथ कुछ सुकून के पल बिताएं. लेकिन उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक ऐसा अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जिसे सुनकर आप भी हैरान रह जाएंगे. यहां एक जनाब अपनी नई-नवेली दुल्हन को हनीमून पर अकेले ले जाने के बजाय अपने पूरे कुनबे और रिश्तेदारों को ही साथ लेकर ‘नैनीताल’ पहुंच गए. पतिदेव का ये अनोखा फैसला बीवी को ऐसा नागवार गुजरा कि शादी के महज एक साल के भीतर ही ये पवित्र रिश्ता अब सीधे टूटने की कगार पर आ खड़ा हुआ है।
‘कबाब में हड्डी’ बना परिवार
ये दिलचस्प और हैरान करने वाला मामला मेरठ के बहसूमा थाना क्षेत्र का है. मिली जानकारी के मुताबिक, यहां की रहने वाली एक युवती की शादी करीब एक साल पहले दिल्ली के रहने वाले एक युवक से बड़े ही धूमधाम के साथ हुई थी. शादी के बाद जब दोनों के घूमने जाने की बात आई, तो पति ने नैनीताल जाने का प्लान बनाया।
पत्नी बेहद खुश थी कि उसे पति के साथ वक्त बिताने का मौका मिलेगा, लेकिन उसकी ये खुशी तब काफूर हो गई जब उसने देखा कि पति के साथ पूरा ससुराल और उनके रिश्तेदार भी बैग पैक करके गाड़ी में बैठ चुके हैं. एकांत की उम्मीद लगाए बैठी पत्नी को हनीमून पर पूरे खानदान की यह मौजूदगी बेहद अखर गई. वहां से लौटने के बाद से ही दोनों के बीच इस बात को लेकर आए दिन झगड़े होने लगे
दुबई टूर पर फिर छिड़ा महासंग्राम
लगातार होते विवादों के बीच इस जोड़े ने अपने बिगड़ते रिश्ते को एक और मौका देने के बारे में सोचा. इस बार दोनों ने ‘दुबई टूर’ की तैयारी शुरू की. पत्नी को पूरी उम्मीद थी कि इस बार तो कम से कम वे दोनों अकेले ही विदेश यात्रा पर जाएंगे और पुरानी कड़वाहट खत्म हो जाएगी।
मगर पति अपनी पुरानी आदत से बाज नहीं आया और उसने इस बार भी जिद पकड़ ली कि पूरा खानदान साथ में ही दुबई जाएगा.पत्नी ने जब प्राइवेसी का हवाला देकर इसका कड़ा विरोध किया, तो बात अहंकार की लड़ाई में बदल गई और मामला थाने तक जा पहुंचा. पुलिस ने दोनों को काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन जब बात नहीं बनी तो इस मामले को अंतिम सुलह के लिए पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र भेज दिया गया।
काउंसलिंग भी फेल, अब अलग होने की तैयारी
परिवार परामर्श केंद्र में इस बिखरती गृहस्थी को बचाने के लिए अब तक तीन दौर की लंबी काउंसलिंग हो चुकी है, लेकिन नतीजा सिफर रहा. पत्नी का साफ कहना है कि वह बार-बार अपनी खुशियों और निजी स्पेस से समझौता नहीं कर सकती, वहीं पति भी झुकने को तैयार नहीं है. दोनों पक्षों के अड़ियल रुख को देखते हुए अब इस जोड़े ने कानूनी रूप से तलाक लेने का मन बना लिया है. केंद्र की प्रभारी आदेश कौर ने बताया कि दोनों को समझाने की आखिरी कोशिशें की जा रही हैं, लेकिन फिलहाल दोनों ही अलग होने की जिद पर अड़े हैं।

