भू कानून लागू करने पर मुख्यमंत्री का आभार : देहरादून को स्मार्ट सिटी सिर्फ कागज़ों या बयानों में नहीं बल्कि आम दूनवासियों के लिए ज़मीन पर साकार करना ही मेरा पहला कर्तव्य है जिसके लिए मैंने मुख्यमंत्री धामी से मिलकर उनसे मार्गदर्शन लिया है। ये कहना है युवा महापौर सौरभ थपलियाल का जो मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिलकर उन्हें राज्य में भू कानून/भू प्रबंधन लागू करने पर आभार जताने पहुंचे थे।
मेयर सौरभ का कहना है कि स्मार्ट दून में नगर निगम को डिजिटल और बुजुर्गों महिलाओं के लिए सुगम बनाने पर उनका फोकस है। वहीँ उनकी प्रार्थमिकताओं में स्वच्छता सर्वेक्षण 2025 में शानदार प्रदर्शन करना है जिसके लिए उनकी पूरी टीम ज़ोरों से तैयारी कर रही है। इसके लिए नगर निगम परिसर में स्वच्छता वॉर रूम स्थापित किया गया है. शहर की साफ-सफाई को प्रत्यक्ष रूप से देखा जाएगा. नगर आयुक्त नमामि बंसल ने कहा कि देहरादून नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी वार्डों को सब-जोन में बांटा जाएगा. अब तक देहरादून पांच जोन में बांटा गया था।
ऐसे में हर क्षेत्र बड़ा होता था, जिसके चलते मॉनिटरिंग करना मुश्किल काम होता था लेकिन अब पूरे शहर को जोन के साथ-साथ सब-जोन में भी बांटा जाएगा. मेयर थपलियाल ने बताया कि एक तरह का सिस्टम तैयार किया जा रहा है, जिसमें शीर्ष अधिकारी, नोडल अधिकारी, मुख्य सफाई निरीक्षक और सफाई निरीक्षक सभी वार्डों का निरीक्षण करेंगे…. देहरादून के लोगों का विश्वास और सहयोग मिल रहा है जो हमारे लिए एक ऊर्जा का काम कर रही है और जल्द ही लोगों को एक सुंदर साफ़ सुथरा स्मार्ट देहरादून दिखाई देने लगेगा।

