AIVoiceScam : AI से हूबहू आवाज की नकल कर हो रहा फ्रॉड :- क्या कभी आपको किसी करीबी का फोन आया है, जिसमें वह अचानक पैसों की मदद मांग रहा हो? आवाज बिल्कुल जानी-पहचानी लगती है और सामने वाला जल्द से जल्द पैसे भेजने की बात करता है. ऐसी स्थिति में बिना सोचे-समझे भरोसा करना भारी पड़ सकता है. AI के दौर में साइबर अपराधियों ने फ्रॉड का तरीका भी बदल दिया है. अब वे किसी व्यक्ति की आवाज की नकल यानी Voice Cloning करके उसके जानने वालों को ठगने की कोशिश कर रहे हैं।
ऑनलाइन फ्रॉड अब सिर्फ फर्जी SMS, WhatsApp मैसेज, ई-मेल, लिंक या APK फाइल तक सीमित नहीं है. AI आधारित टूल्स की मदद से अपराधी किसी की आवाज को काफी हद तक कॉपी कर सकते हैं. इसके बाद उसी आवाज में परिवार, दोस्तों या दूसरे परिचितों को कॉल करके इमरजेंसी का बहाना बनाया जाता है और पैसे ट्रांसफर करने के लिए कहा जाता है.Voice Cloning के लिए साइबर अपराधी सबसे पहले आपकी आवाज का सैंपल हासिल करने की कोशिश करते हैं. सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए Reels, Shorts, वीडियो या दूसरे ऑडियो क्लिप इसके लिए इस्तेमाल हो सकते हैं।
AI टूल इन ऑडियो सैंपल्स से आवाज के अंदाज, बोलने के तरीके और दूसरी विशेषताओं को समझकर उसी तरह की आवाज तैयार कर सकता है. इसके बाद अपराधी उस नकली आवाज का इस्तेमाल कॉल या Voice Note में कर सकते हैं.मसलन, किसी व्यक्ति के परिवार वाले को फोन आता है और दूसरी तरफ उसकी जानी-पहचानी आवाज सुनाई देती है. कॉल करने वाला कहता है कि वह मुश्किल में है और तुरंत पैसे की जरूरत है. भरोसा होने पर सामने वाला बिना दोबारा पुष्टि किए रकम भेज सकता है।
ऐसे मामलों में सबसे जरूरी है कि जल्दबाजी में कोई ट्रांजैक्शन न करें. परिवार या करीबी दोस्तों के बीच पहले से एक Secret Codeword तय किया जा सकता है. अगर कभी किसी करीबी की तरफ से अचानक पैसे या आर्थिक मदद की मांग आती है तो ट्रांजैक्शन से पहले उस Codeword के बारे में पूछें.अगर सामने वाला सही व्यक्ति है तो उसे कोडवर्ड पता होगा. वहीं, किसी स्कैमर के लिए इसका जवाब देना मुश्किल हो सकता है. इसके अलावा उस व्यक्ति को उसके सामान्य नंबर पर दोबारा कॉल करके भी पुष्टि करें. जरूरत पड़ने पर किसी दूसरे परिवार के सदस्य से भी बात कर लें।
सोशल मीडिया पर आवाज शेयर करने में रहें सतर्क
सोशल मीडिया पर अपनी आवाज वाले वीडियो और दूसरे कंटेंट को पूरी तरह बंद करना जरूरी नहीं है, लेकिन अनावश्यक रूप से बहुत ज्यादा Voice Samples सार्वजनिक करने से बचना समझदारी है. खासकर ऐसे वीडियो जिनमें आपकी आवाज साफ और लंबे समय तक रिकॉर्ड हुई हो।
अगर आप किसी साइबर फ्रॉड का शिकार हो गए हैं तो देर किए बिना शिकायत दर्ज करें. भारत में साइबर क्राइम की शिकायत के लिए cybercrime.gov.in पोर्टल का इस्तेमाल किया जा सकता है. वित्तीय धोखाधड़ी होने पर 1930 हेल्पलाइन पर तुरंत संपर्क करना भी जरूरी है.इसके अलावा संदिग्ध मैसेज या साइबर फ्रॉड से जुड़े मामलों की रिपोर्टिंग के लिए संचार साथी के उपलब्ध ऑप्शन का इस्तेमाल किया जा सकता है. सबसे अहम बात यही है कि सिर्फ आवाज पहचान में आने पर किसी कॉल को असली न मानें. पैसे भेजने से पहले अपनी तरफ से एक बार पुष्टि जरूर करें।

