DMSwatiSBhadauria : डीएम स्वाति एस. भदौरिया ने जनता मिलन में किये फैसले ;- जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित एक दर्जन से अधिक शिकायतों की सुनवाई की। अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों में अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन, ई-ऑफिस एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण पर संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना से प्रभावित भूमि के ब्याज भुगतान, केवर्स एवं कलियासौड़ क्षेत्र की पेयजल समस्याओं सहित विभिन्न मामलों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में विकासखंड पोखड़ा के ग्राम ऐरोली मल्ली निवासी मनोहर प्रसाद पंत को चौबट्टाखाल पम्पिंग पेयजल योजना के अंतर्गत 24 माह का लंबित ₹30,000 मानदेय भुगतान कराया गया। थलीसैंण निवासी बालम सिंह के बिल भुगतान संबंधी प्रकरण का निस्तारण किया गया तथा ग्राम बैरागणा ढाडरी निवासी विजयलाल की पेयजल समस्या का समाधान कर जलापूर्ति बहाल कर दी गई। अन्य शिकायतों के निस्तारण की भी नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। इस अवसर पर संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, एडीएम एफ.आर. चौहान, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, डीडीओ रमेश चंद्र, सीएमओ डॉ. शिवमोहन शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

