IndependenceDaySpecial : आजादी के जश्न को दोगुना करेंगी ये फिल्में :- साल 2026 के स्वतंत्रता दिवस वीकेंड पर भारतीय बॉक्स ऑफिस पर कई बड़ी फिल्में रिलीज होने वाली हैं, जो 13-15 अगस्त, 2026 के आस-पास सिनेमाघरों में आएंगी. इसमें बॉलीवुड, हॉलीवुड, रीजनल की कई फिल्में शामिल हैं. इनमें सनी देओल की ‘बटवारा 1947’ और इमरान हाशमी की एक्शन-रोमांस सीक्वल ‘आवारापन 2’ मुख्य हैं, साथ ही ‘विश्वनाथ एंड संस’ जैसी रीजनल फिल्में भी शामिल हैं. तो चलिए जानते हैं कि इस साल स्वतंत्रता दिवस के मौके पर भारत में कौन-कौन सी फिल्में रिलीज होने वाली हैं।
‘बटवारा 1947’
राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी बटवारा 1947 स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रिलीज हो रही है. यह स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले यानी 14 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक देगी. सनी देओल इसमें मुख्य भूमिका में हैं. आमिर खान इसे प्रोड्यूस कर रहे है।
जैसा कि नाम से पता चलता है कि ‘बटवारा 1947’ देश के बंटवारे की कहानी है और यह उसी दिन रिलीज हो रही है जिस दिन 79 साल पहले भारत का बंटवारा हुआ था. इस फिल्म में सनी देओल और राजकुमार संतोषी की जोड़ी फिर से साथ आ रही है. इन दोनों ने मिलकर 90 के दशक में ‘घायल’ और ‘दामिनी’ जैसी यादगार फिल्में दी हैं. यह फिल्म असगर वजाहत के नाटक ‘जिस लाहौर नई वेख्या, ओ जम्या ई नई’ से प्रेरित है।
कहानी लाहौर में विस्थापित हुए एक मुस्लिम परिवार और दूसरी तरफ एक बुजुर्ग हिंदू महिला के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपना घर छोड़ने से इनकार कर देती है. ‘बटवारा 1947’ में शबाना आजमी, प्रीति जिंटा, अली फजल, अभिमन्यु सिंह और सनी के बेटे करण देओल जैसे शानदार कलाकार हैं।
‘आवारापन 2’
आजादी के दिन वाले वीकेंड पर ‘बंटवारा 1947’ के साथ स्क्रीन स्पेस के लिए मुकाबला करने इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ आ रही है. ‘आवारापन’ के लगभग दो दशक बाद आ रही इस फिल्म का निर्देशन नितिन कक्कड़ कर रहे हैं. इसमें दिशा पटानी और शबाना आजमी भी हैं।
इस फिल्म में इमरान ने शिवम पंडित नाम के गैंगस्टर का किरदार निभाया था, जिसका दुखद अतीत प्यार के कारण सुधर जाता है. दूसरे भाग में भी वे वही किरदार निभा रहे हैं. ‘तेरा मेरा रिश्ता’ और ‘तो फिर आओ’ गाने आज भी लोगों को याद हैं, और नई फिल्म भी पुरानी यादें ताजा करने वाली है।
वेंकी अटुलुरी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘विश्वनाथ एंड सन्स’ 14 अगस्त को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली है. इस फिल्म को सितारा एंटरटेनमेंट्स, फॉर्च्यून फोर सिनेमाज़ और श्रीकारा स्टूडियोज का सहयोग मिला है. एक फैमिली एंटरटेनर के तौर पर पेश की गई ‘विश्वनाथ एंड संस’ रिश्तों, पीढ़ियों के बीच के जुड़ाव और परिवार के भीतर के भावनात्मक पहलुओं को दिखाती है।
‘मकुटम’ सुपर गुड फिल्म्स बैनर के तहत बनी 99वीं फिल्म है. इस फिल्म में तमिल एक्टर विशाल मुख्य भूमिका में हैं. यह एक डायरेक्टर के तौर पर भी उनकी पहली फिल्म है. इसे दिवंगत आर.बी. चौधरी द्वारा स्थापित बैनर के तहत प्रोड्यूस किया गया है. अंजलि और दुशारा विजयन इसमें मुख्य महिला भूमिकाओं में हैं।

