UTUPaperLeak : देहरादून में UTU पेपर लीक के प्रदर्शन के दौरान बवाल, गणेश गोदियाल समेत कई नेता हिरासत में :- देहरादून में उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) के पेपर लीक मामले को लेकर आज यानी शनिवार को कांग्रेस और एनएसयूआई ने प्रदर्शन किया। विश्वविद्यालय परिसर के बाहर प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव का माहौल बना रहा।
पुलिस और कांग्रेस के बीच धक्का-मुक्की हुई, जिससे ये प्रदर्शन उग्र हो गया। स्थिति के बिगड़ने पर पुलिस ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के साथ कई वरिष्ट नेताओं नेता हरक सिंह रावत, प्रीतम सिंह और महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला आदि को हिरासत में ले लिया।
देहरादून में उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) के बीटेक पेपर लीक मामले में करीब 400 से 500 कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक विश्वविद्यालय परिसर के बाहर जमा हुए। इस प्रदर्शन का नेतृत्व खुद कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल कर रहे थे। उनके साथ पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत, वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला सूर्यकांत धस्माना समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
कांग्रेस ने एसआईटी से जांच कराने की मांग उठाई
इस पूरे मामले में कांग्रेस ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से एसआईटी से जांच कराने की मांग की। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा पेपर लीक मामले में निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने नैतिक जिम्मेदारी के तौर पर उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत से इस्तीफा देने की भी मांग उठाई। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों के भविष्य की सुरक्षा करने में विफल रही है।
पुलिस और कांग्रेस के बीच हुई धक्का-मुक्की
इस दौरान सरकार के खिलाफ प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की। उन्होंने पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस के बीच धक्का-मुक्की हुई।
गणेश गोदियाल समेत कई नेता हिरासत में
हालांकि प्रदर्शन उग्र होने पर पुलिस ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के साथ कई वरिष्ट नेताओं नेता हरक सिंह रावत, प्रीतम सिंह और महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला आदि को हिरासत में ले लिया।

