PaperLeakArrest : पेपर लीक करने वाला प्रोफेसर गिरफ्तार :- उत्तराखण्ड में भर्ती एवं शैक्षणिक परीक्षाओं की शुचिता बनाए रखने के लिए चल रहे अभियान के तहत राज्य सरकार के निर्देश पर दून पुलिस ने नकल माफिया के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई की है। इस क्रम उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) की सेमेस्टर परीक्षा का प्रश्नपत्र आउट करने के आरोप में शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, झाझरा के असिस्टेंट प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी असिस्टेंट प्रोफेसर ने व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से परीक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्न छात्रों के साथ साझा किए थे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि उत्तराखंड सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि चाहे भर्ती परीक्षाएं हों या विश्वविद्यालय की परीक्षाएं, किसी भी प्रकार की नकल, प्रश्नपत्र लीक या परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता भंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में लागू सख्त नकल रोधी कानून और लगातार की जा रही कार्रवाई के परिणाम स्वरूप विभिन्न मामलों में अब तक 100 से अधिक नकल माफिया एवं उनके सहयोगियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रदेश के मेहनती और प्रतिभाशाली युवाओं को निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराना है और इस दिशा में अभियान आगे भी पूरी सख्ती से जारी रहेगा।
उत्तराखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी (यूटीयू) की सेमेस्टर परीक्षा के प्रश्न पत्र को लीक करने वाले अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त द्वारा परीक्षा से पूर्व ही व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से परीक्षा से जुडे प्रश्नपत्रों को लीक किया गया था।
आज वादी डॉ विनय कुमार पटेल परीक्षा नियंत्रक वीर माधव सिंह भंडारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय देहरादून द्वारा कोतवाली प्रेमनगर में लिखित तहरीर दी गई। तहरीर में बताया गया कि उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की सम-सेमेस्टर परीक्षा के दौरान दिनांक 08-07-26 को आयोजित परीक्षा के सम्बन्ध में विश्वविद्यालय को एक ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें दिनांक 03-07-26 को शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग देहरादून में नियुक्त सहायक प्रोफेसर द्वारा व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से कुछ महत्वपूर्ण प्रश्नों को शेयर किए जाने की जानकारी दी गई, जिसका परीक्षा सम्पन्न होने के पश्चात प्रश्न पत्र से मिलान किया गया तो उक्त प्रश्नों में काफी समानता पाई गई।
इस सम्बन्ध में विश्वविद्यालय द्वारा गठित की गई आन्तरिक जांच समिति की जांच के दौरान भी सहायक प्रोफेसर द्वारा परीक्षा से पूर्व छात्रों के आन्तरिक पोर्टल/व्हाट्सएप पर परीक्षा से सम्बन्धित समान प्रश्नों को साझा किया जाना प्रकाश में आया। शिवालिक काॅलेज ऑफ इन्जीनियरिंग में नियुक्त सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता द्वारा छात्रों को अनुचित लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय की परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता को भंग किया गया।
एसएसपी देहरादून द्वारा अभियोग में त्वरित साक्ष्य संकलन की कार्यवाही करते हुए अभियोग में नामजद अभियुक्त के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए, जिस पर विवेचक द्वारा अभियोग में गवाहों के बयान, प्राप्त दस्तावेजी व अन्य साक्ष्यों के आधार पर अभियोग में नामजद अभियुक्त आशीष कुमार गुप्ता, सहायक प्रोफेसर शिवालिक काॅलेज ऑफ इन्जीनियरिंग झाझरा को गिरफ्तार किया गया है।

