रिश्वत की नोट ही खा गया लेखपाल ! : देहरादून की कालसी तहसील में एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है, जहां एक क्षेत्रीय ग्रामीण की शिकायत पर मौके पर पहुंची विजिलेंस की टीम के सामने ही एक पटवारी ने रिश्वत के रुपए गटक लिए। जिसको लेकर टीम विकासनगर के उप जिला चिकित्सालय पहुंची जहां डाक्टर उसका मेडिकल परीक्षण किया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आरोप है कि कालसी तहसील के कोटी क्षेत्र में तैनात पटवारी गुलशन हैदर ने एक ग्रामीण से खतौनी में नाम परिवर्तन करने के एवज में दो हजार रुपए की मांग की थी।
घूसखोर लेखपाल को पकड़ने के लिए बनाया ट्रैप
बताया जा रहा है कि आज ग्रामीण की शिकायत पर विजिलेंस की टीम ने कालसी तहसील के पास ही बने पटवारी के कार्यालय के बाहर जाल बिछाया और जैसे ही पटवारी को ग्रामीण ने रूपए दिए वैसे ही मौके की तलाश में बैठी विजिलेंस की टीम ने उसे घेर लिया। लेकिन विजिलेंस की टीम पटवारी से रूपए बरामद कर पाती उससे पहले ही पटवारी गुलशन हैदर रूपए चबाकर गटक गया।
पकड़ने से पहले ही चबाकर खा लिए नोट
इसके बाद विजिलेंस की टीम के हाथ पांव फूल गए वह स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी पटवारी को उपजिला चिकित्सालय विकासनगर पहुंचाया गया। जहां उसका डाक्टरी परीक्षण किया गया। साथ ही स्थानीय पुलिस और विजिलेंस टीम अपनी अग्रिम कार्रवाई में जुटी है। हालांकि अभी आधिकारिक तौर पर इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है कि आरोपी पटवारी ने कितने रूपए ग्रामीण से लिए और कितने गटके। मगर अचानक सामने आया यह प्रकरण क्षेत्र में चर्चा का विषय जरूर बन गया।

