UttarakhandDisaster : उत्तराखंड में आपदा तैयारियों को लेकर ‘फर्स्ट रिस्पॉन्डर्स’ का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू :- उत्तराखंड में आपदा से निपटने की तैयारियों, राहत एवं बचाव कार्यों को मजबूत बनाने के उद्देश्य से ‘फर्स्ट रिस्पॉन्डर्स’ (प्रथम प्रतिक्रिया देने वाले) के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला शुरू हो गई है। इस कार्यशाला का आयोजन एक्शनएड (ActionAid) और इंटर एजेंसी ग्रुप (IAG) की ओर से संयुक्त रूप से किया जा रहा है। इसमें उत्तराखंड के विभिन्न जिलों से ग्राम स्तर के प्रतिनिधि, महिला जनप्रतिनिधि, फ्रंटलाइन वर्कर्स और सामाजिक कार्यकर्ता हिस्सा ले रहे हैं। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य समुदाय स्तर पर आपदा से निपटने की तैयारियों और प्रतिक्रिया तंत्र को मजबूत करना है।
कार्यशाला के विषय का परिचय देते हुए एक्शनएड के एसोसिएट डायरेक्टर खालिद चौधरी ने कहा कि आपदाओं की आवृत्ति लगातार बढ़ रही है। ऐसे में हिमालयी क्षेत्र में रहने वाले लोगों का सतर्क और तैयार रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि समुदाय स्तर पर प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय कार्यशाला में आपदा के प्रति संवेदनशीलता का आकलन, संभावित खतरों की पहचान और समुदाय एवं पर्यावरण के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही प्रतिभागियों को आपदा के दौरान अपनाए जाने वाले जरूरी उपायों, सावधानियों और फर्स्ट रिस्पॉन्डर्स की भूमिका के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।
कार्यशाला में दून विश्वविद्यालय के आपदा प्रबंधन विभाग के अध्यक्ष एवं आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ प्रो. सुनीत नैथानी ने आपदा के समय स्थानीय संसाधनों के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में सबसे पहले स्थानीय समुदाय ही प्रतिक्रिया देता है। इसलिए फर्स्ट रिस्पॉन्डर्स के लिए अपने क्षेत्र में उपलब्ध संसाधनों और सुरक्षित राहत उपायों की जानकारी होना जरूरी है।
उन्होंने उत्तराखंड सरकार की ओर से वर्ष 2005 में शुरू की गई ग्राम आपदा प्रबंधन योजना (VDMAP) का उल्लेख करते हुए कहा कि गांव स्तर पर कार्यकर्ताओं और सामुदायिक प्रतिनिधियों को प्रशिक्षित करना बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड भूस्खलन, बाढ़, बादल फटना, भारी बारिश, जंगलों में आग और जंगली जानवरों के खतरे जैसी कई आपदाओं के प्रति संवेदनशील है। ऐसे में सामुदायिक जागरूकता, बेहतर तैयारी और सरकारी एवं गैर-सरकारी संगठनों के बीच समन्वय बेहद जरूरी है।
उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग की अपर निदेशक डॉ. सुनीता रतूड़ी ने कहा कि आपदाओं के दौरान महिलाएं और बच्चे सबसे अधिक प्रभावित होने वाले वर्गों में शामिल होते हैं। कार्यशाला में बड़ी संख्या में महिला ग्राम प्रधानों की भागीदारी की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि गांव स्तर पर फर्स्ट रिस्पॉन्डर्स के रूप में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार रहता है। इसके लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) और एएनएम केंद्रों पर प्राथमिक उपचार किट तथा आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
कार्यशाला में विभिन्न गांवों से आए ग्राम प्रधानों, वार्ड सदस्यों, महिला समूहों के प्रतिनिधियों, फ्रंटलाइन वर्कर्स और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस तरह के व्यावहारिक प्रशिक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया। प्रतिभागियों ने कहा कि आपदा कभी भी आ सकती है, इसलिए गांव स्तर पर नियमित रूप से मॉक ड्रिल आयोजित की जानी चाहिए, ताकि समुदाय के कार्यकर्ता हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार रह सकें।
इस दौरान भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी के डॉ. विमल कुमार ने प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि फर्स्ट रिस्पॉन्डर्स को प्राथमिक उपचार का बुनियादी ज्ञान और जरूरी कौशल प्रदान करना बेहद आवश्यक है। प्रतिभागियों ने स्थानीय संसाधनों की पहचान और उनका उपयोग, सामुदायिक समन्वय तथा आपदा प्रभावित लोगों तक समय पर सहायता पहुंचाने जैसे विषयों पर भी चर्चा की।
कार्यशाला में उत्तराखंड के कई जिलों से सामुदायिक प्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने भाग लिया। इनमें पिथौरागढ़ के नरेट गांव की ग्राम प्रधान ललिता देवी, सिपू गांव की ग्राम प्रधान सरोजनी सिपाल, मर्च्छा गांव की ग्राम प्रधान विनिता मार्शल, उत्तरकाशी के हर्षिल स्थित बगोरी की ग्राम प्रधान रंजीता डोगरा, धराली के पूर्व ग्राम प्रधान जय भगवान सिंह पंवार और महिला मुद्दों पर सक्रिय सामुदायिक कार्यकर्ता हीरा जंगपांगी शामिल रहे।
इसके अलावा इंटर एजेंसी ग्रुप की समन्वयक कुसुम घिल्डियाल, जनमित्र संगठन के बच्ची सिंह बिष्ट, उत्तरकाशी की सीडब्ल्यूसी सदस्य एवं ट्राइबल वुमेन वेलफेयर एंड चाइल्ड डेवलपमेंट कमेटी की सचिव कल्पना ठाकुर, महिला उत्थान एवं ग्राम विकास संस्थान के करण सिंह पंवार, नैनीताल से यतीश पंत, गुरविंदर गिल और कमला बिष्ट तथा उत्तरकाशी आपदा प्रबंधन जनमंच के प्रज्ज्वल उनियाल सहित विभिन्न जिलों के कई जमीनी स्तर के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
इस तीन दिवसीय कार्यशाला का उद्देश्य समुदाय स्तर पर कार्य करने वाले फर्स्ट रिस्पॉन्डर्स की क्षमता बढ़ाना है, ताकि वे आपदा के संभावित खतरों की पहचान कर सकें, स्थानीय संसाधनों को जुटा सकें, जरूरतमंदों को तत्काल सहायता दे सकें और राहत एवं बचाव कार्यों में बेहतर समन्वय स्थापित कर सकें। इससे उत्तराखंड के आपदा प्रभावित और संवेदनशील समुदायों को आपातकालीन परिस्थितियों का सामना करने के लिए अधिक सक्षम और तैयार बनाया जा सकेगा।

