PushkarSinghDhami : मुख्यमंत्री पहुंचे दुकान और खरीदी साडी ! :- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा में आयोजित छठ महोत्सव में भगवान सूर्य नारायण की पूजा अर्चना कर आशीर्वाद लिया और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने वार्ड नंबर 14, संजय रेलवे पार्क के समीप छठ घाट सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को आस्था के महापर्व छठ की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाए देते हुए छठी मईया और भगवान सूर्य नारायण से सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की प्रार्थना की। उन्होंने पूर्वांचल सेवा समिति और सभी स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि छठ महापर्व आस्था,अनुशासन,तपस्या और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अनूठा संगम है। यह महान पर्व उत्तराखण्ड और पूर्वांचल की संस्कृतियों को आपस में जोड़ते हुए विविधता में एकता की सुंदर मिसाल पेश करता है।
उन्होंने कहा कि खटीमा में हर साल आने वाली बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान के लिए ₹300 करोड़ से अधिक की लागत से ड्रेनेज प्लान स्वीकृत किया गया है, जिसका भूमि पूजन जल्द किया जाएगा। साथ ही खटीमा चौराहे से मेला घाट रोड तक हॉटमिक्स कार्य, मुख्य चौराहे से थारू विकास भवन तक सड़क चौड़ीकरण,मजोला रोड व नानकसागर से 17 मील (₹34 करोड़) तक की सड़कों के निर्माण कार्य तेजी से चल रहे हैं। देश के सीमावर्ती गांवों को ‘प्रथम गांव’ की संज्ञा देते हुए मेलघाट,सिसैया, नगला तराई जैसे गांवों के विकास के लिए ₹12 करोड़ के प्रस्ताव तथा भारामल बाबा मंदिर क्षेत्र का सौंदर्यीकरण और सुविधाओं के विकास कार्य किए गए है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा में केंद्रीय विद्यालय की नई इमारत तैयार हो चुकी है। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के लिए केंद्रीय मंत्री द्वारा ₹10 करोड़ की अतिरिक्त धनराशि की घोषणा की गई है। चकरपुर में वन चेतना मैदान और वनखंडी महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है, जो भविष्य में एक बड़े आध्यात्मिक केंद्र के रूप में उभरेगा।
मुख्यमंत्री धामी ने छठ पूजा पर्व से लौटते समय अपने जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान खटीमा में एक सामान्य पुत्र की तरह मेलाघाट रोड स्थित दुकान पर रुक कर अपनी माँ के लिए साड़ी खरीदी।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर स्थानीय व्यापारियों और दुकान स्वामियों से संवाद किया तथा उनके व्यापारिक स्थिति की जानकारी ली। एक स्थानीय प्रतिष्ठान से साड़ी खरीद कर उन्होंने वोकल फॉर लोकल और लघु व्यवसायियों को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री की इस आत्मीय और सरल पहल से दुकान के स्वामियों तथा स्थानीय व्यापारियों में विशेष उत्साह व प्रसन्नता का माहौल देखने को मिला।

