UttarakhandPolitics : मैं राहुल मियां से कहता हूं… बोले नितिन नवीन :- भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने वंदे मातरम का पूरा गायन करने पर कांग्रेस के ऐतराज को लेकर तंज कसा. उन्होंने सीधा राहुल गांधी पर तीखा तंज कसा और उन्हें ‘राहुल मियां’ कहकर संबोधित किया. नितिन नवीन ने कहा, ‘मैं राहुल मियां से कहता हूं मित्रों कि राहुल जी आप वंदे मातरम का महत्व समझ ही नहीं सकते. आपने भारतीय संस्कृति का महत्व समझ ही नहीं सकते क्योंकि आप विदेशी कल्चर में ही पले-बढ़े हैं. वंदे मातरम की जिस गूंज पर लाखों लोगों ने अपना बलिदान दिया था, उसका पूरा गान करने से आपकी माताश्री और आपकी पार्टी अपमानित महसूस करती है, उस कांग्रेस पार्टी को तो समाप्त ही कर देना चाहिए.’
हल्द्वानी में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. नितिन नबीन ने कांग्रेस पर दलितों के अपमान और विभाजनकारी राजनीति करने का आरोप लगाया. उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के उत्तराखंड दौरे और उनके बयानों पर भी तीखा हमला बोला. नितिन नबीन ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के कण-कण में भगवान शंकर का वास है और इस भूमि का अपमान करने वालों को जनता कभी माफ नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि जिस भूमि से धर्म विशेष के नारे लगाए गए और देवभूमि का अपमान करने का काम किया गया. वह भूमि ऐसे लोगों को कभी माफ नहीं करेगी. नितिन नवीन ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा का मकसद सिर्फ सरकार बनाना या सत्ता हासिल करना नहीं है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है… इसके कण-कण में शंकर बसे हैं. उन्होंने कहा कि दलितों का अपमान कांग्रेस के इतिहास का हिस्सा रहा है. नितिन नबीन ने देश के पहले कानून मंत्री और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर को लेकर कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने दावा किया कि तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने माउंटबेटन को पत्र लिखकर डॉ. अंबेडकर को चुनाव हराने की बात कही थी।
‘कर्नाटक में दलित नेता का घर PFI के दंगाइयों ने फूंका’
उन्होंने कहा कि जिस दलित परिवार के बच्चे ने देश को एक दिशा दी, कांग्रेस ने उसी परिवार को अपमानित करने का काम किया. नितिन नवीन ने राजस्थान का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर अपने ही दलित नेता के साथ मारपीट का आरोप लगाया. वहीं कर्नाटक के एक पूर्व दलित विधायक के घर को PFI से जुड़े दंगाइयों द्वारा जलाए जाने का दावा करते हुए कांग्रेस पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया।
उन्होंने केरल का भी जिक्र किया और राहुल गांधी पर दलितों से जुड़े मामलों में आवाज नहीं उठाने का आरोप लगाया. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस की विभाजनकारी सोच से देश कभी आगे नहीं बढ़ सकता।

