DehradunDM : समाधान दिवस में 120 शिकायतें , डीएम ने दिए कार्रवाई के निर्देश :- जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट में समाधान दिवस आयोजित किया गया। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में हुई जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित 120 शिकायतें दर्ज की गईं। जिलाधिकारी ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
रायपुर निवासी कृष्ण कुमार ने शिकायत की कि उन्होंने संजय कुमार के पास पांच लाख रुपये की तीन कमेटियां 15 माह के लिए डाली थीं। इसके अतिरिक्त 30.75 लाख रुपये उधार दिए गए, लेकिन संबंधित व्यक्ति द्वारा धनराशि वापस नहीं की जा रही है। जिलाधिकारी ने मामले की जांच के लिए सीओ रायपुर को निर्देशित किया।
सहसपुर के ग्राम पंचायत छरबा में आवासीय भूमि पर मोबाइल टावर लगाए जाने तथा एमडीडीए द्वारा टावर को अवैध घोषित किए जाने के बावजूद उसे न हटाए जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने एमडीडीए को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
वहीं कृष्णा विहार में घनी आबादी के बीच मकान की छत पर मोबाइल टावर लगाए जाने की शिकायत पर ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को जांच के निर्देश दिए गए। रेसकोर्स निवासी 65 वर्षीय माला देवी ने अपने छोटे बेटे और बहू पर मारपीट का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने मौके पर ही प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए। नत्थनपुर छह नंबर पुलिया के आसपास सब्जियों एवं अन्य सामान की ठेलियों के कारण यातायात जाम और अन्य समस्याओं की शिकायत पर नगर निगम देहरादून को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
आर्थिक रूप से कमजोर अनिता निवासी नीलकंठ और अनिता थापा निवासी मोथरोवाला ने कच्चे मकानों की मरम्मत के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। वहीं ऋषिकेश निवासी रीना ने नंदा-सुनंदा योजना के तहत आर्थिक सहायता दिलाने का अनुरोध किया।ग्राम पंचायत रामपुर कलां में पंचायत भवन की खाली भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत पर जिला पंचायत राज अधिकारी को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
ग्राम पंचायत चान्जोई में बहुउद्देशीय भवन निर्माण की मांग पर प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया।चकराता क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुनैन के ग्राम सैंज में दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त नहर की सुरक्षा दीवार एवं गूल की मरम्मत की मांग पर ओसी कलेक्ट्रेट को मौके पर जांच कर प्रस्ताव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि प्रत्येक प्रकरण में गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, अधिशासी अभियंता सिंचाई दीक्षांत गुप्ता, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम लाल भारती, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी शशि कांत गिरी, मुख्य कृषि अधिकारी देवेंद्र राणा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी रहे।

